मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मालिरा में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। युवक के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों में कोहराम, हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सूचना मिली कि मालिरा के जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव की शिनाख्त करवाई। मृतक की पहचान संदीप (30 वर्ष) पुत्र भंवर सिंह, निवासी ग्राम मालिरा के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक, संदीप के सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी अज्ञात हमलावर ने संदीप की हत्या करने के बाद उसके शव को जंगल में फेंक दिया है।
जांच के लिए टीमों का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि एएसपी के नेतृत्व में मामले के खुलासे के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















