X बंद करें

मुजफ्फरनगर में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य आगाज, मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जागरूकता रथ

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ के शुभारंभ के साथ ही जनपद मुजफ्फरनगर में भी इस अभियान का जोरदार आगाज हुआ। जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत की।

विद्यालय के ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ की सफलता और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को कक्षा-12 तक अपग्रेड किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि से बच्चों के लिए यूनिफॉर्म सुनिश्चित की जाए और कोई भी बच्चा स्कूल आने से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि 2017 से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार हुए हैं। वहीं, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का शोषण करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल (RO) और बेहतर फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता पर मुहैया कराई जाएं।

जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने अपील की कि यदि रास्ते में कोई बच्चा बिना जूते-जुराब या स्कूल ड्रेस के दिखे, तो जनप्रतिनिधि तुरंत प्रधानाध्यापक से मिलकर समाधान कराएं। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने भी समाज से अपील की कि हर गली-मोहल्ले के बच्चे का नामांकन स्कूल में सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, बीएसए संदीप कुमार, डायट प्राचार्य विश्व दीपक त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News