X
मुजफ्फरनगर- ‘मानव सेवा ही माधव सेवा है’ के संकल्प को चरितार्थ करते हुए समर्पित युवा समिति के संस्थापक सदस्य संजीव अरोड़ा ने एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने पूरे जनपद को भावुक और प्रेरित कर दिया है। दूसरों को मरणोपरांत नेत्रदान के लिए जागरूक करने वाले संजीव अरोड़ा ने अपनी दिवंगत बहन की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उनके नेत्रदान कराकर समाज के सामने उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मंगलवार सुबह संजीव अरोड़ा की बहन मीना अरोड़ा का आकस्मिक देहांत हो गया। शोक की इस घड़ी में भी परिवार ने धैर्य नहीं खोया और मीना अरोड़ा की उस इच्छा को याद रखा, जिसमें उन्होंने दुनिया से जाने के बाद किसी की अंधेरी जिंदगी को रोशन करने का संकल्प लिया था। परिवार की सहमति पर समर्पित युवा अमित पटपटिया ने मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ कॉर्निया निकालकर उसे सुरक्षित किया।
इस सप्ताह मेष, मिथुन, कन्या, मकर राशियों के जातकों को देना होगा इन बातों का ध्यान
संजीव अरोड़ा और उनके भाई पूर्व सभासद ललित अरोड़ा, पवन अरोड़ा व पंकज अरोड़ा ने अपनी बहन की दोनों कॉर्निया मेडिकल टीम को सौंपी। डॉक्टरों के अनुसार, मीना अरोड़ा द्वारा दान की गई यह नेत्र ज्योति बहुत जल्द दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में नया सवेरा लेकर आएगी। अरोड़ा परिवार के इस साहसिक और परोपकारी निर्णय की शहर के प्रबुद्ध जनों ने मुक्तकंठ से सराहना की है।
समर्पित युवा समिति के अमित पटपटिया ने अरोड़ा परिवार के इस योगदान को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि दुख के समय में ऐसा निर्णय लेना महानता का परिचायक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अरोड़ा परिवार से प्रेरणा लेकर नेत्रदान के इस पुनीत कार्य से जुड़ें। बता दें कि समर्पित युवा परिवार के माध्यम से जिले में यह 17वां नेत्रदान संपन्न हुआ है। इस अवसर पर विन्नी कालरा, पंकज अनेजा, मनी पटपटिया, राखी ग्रोवर सहित समर्पित युवा परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













