X बंद करें

मुजफ्फरनगर में भाजपा का 46वां स्थापना दिवस: ‘राष्ट्रवाद और अंत्योदय’ का संकल्प, कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में जिला मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक उत्साह का माहौल रहा। जानसठ रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण के साथ ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए कमर कसने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भाजपा के जनसंघ से लेकर वर्तमान तक के गौरवशाली सफर और देश की राजनीति में आए युगांतकारी परिवर्तनों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

​समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पार्टी की नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को जिस उद्देश्य के साथ भाजपा की स्थापना हुई थी, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह संकल्प सिद्ध हो रहा है। मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि आज का भारत वैश्विक मंच पर आंख में आंख मिलाकर बात करता है और दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारने की हिम्मत रखता है। उन्होंने पहले की सरकारों की तुलना में वर्तमान विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के मजबूत होने का दावा किया।

नेताओं के वादे-दिलासे नहीं हमें समाधान चाहिए, गाँधी कॉलोनी में बंदरों व कुत्तों के आतंक से परेशान लोगों का प्रदर्शन

जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास’ केवल एक नारा नहीं बल्कि भाजपा की कार्यसंस्कृति है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और धारा 370 के खात्मे को पार्टी की वैचारिक और रणनीतिक जीत करार दिया। वहीं, पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्थापना दिवस की असली सार्थकता तभी है जब हम सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं। उन्होंने भाजपा को मात्र एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम बताया।

पार्टी कार्यालय पर उत्सव जैसा माहौल रहा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, नारेबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराकर स्थापना दिवस मनाया। जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री संजय गर्ग ने किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सहरावत, देवव्रत त्यागी, जिला को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष ठाकुर रामनाथ सिंह, उमेश मलिक, प्रमोद ऊंटवाल, सुशीला अग्रवाल सहित भारी संख्या में वरिष्ठ नेता, सभासद और समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News