मुजफ्फरनगर- ठंड का सितम, 2 दिन जबरदस्त बरसात के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गयी है। नए साल के आते-आते कोहरे के प्रकोप के साथ ठंड भी बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर भी मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में रात के समय ठंड का असर ज्यादा दिख सकता है। यूपी में रविवार को सबसे कम तापमान नजीबाबाद और बुलंदशहर का रहा है, यहां सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मुजफ्फरनगर में 12.5 व गोरखपुर में 10.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
यूपी में आज सोमवार को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा व अलीगढ़ आदि कई जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। ठंड के चलते आज मुजफ्फरनगर में कक्षा 8 तक के स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गई है तो वहीं लोग अलाव के सहारे ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ समेत कई इलाकों में आज सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। इस दौरान सुबह और शाम के समय में कोहरा परेशान कर सकता है, हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलने के आसार हैं।














