X
मुजफ्फरनगर- महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित प्रदेश व्यापी अभियान “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक भव्य ‘पिंक स्कूटी रैली’ का आयोजन किया। रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई इस रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मी पिंक हेलमेट लगाकर स्कूटियों पर सवार होकर शहर की सड़कों पर जागरूकता का संदेश देती नजर आईं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और समाज में एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि यह स्कूटी रैली जिले के विभिन्न चौराहों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रुकेगी, जहां महिला पुलिसकर्मी छात्राओं और महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी। पिंक स्कूटी रैली के माध्यम से महिलाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 और 1076 के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। रैली के दौरान एसपी अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ श्रीमती रूपाली राव, सीओ सुश्री ऋषिका सिंह, सीओ भोपा देववृत वाजपेई, सीओ सदर डॉ. रविशंकर, सीओ खतौली रामआशीष यादव और प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। मुजफ्फरनगर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और महिलाओं को यह भरोसा दिलाना है कि खाकी हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। पिंक स्कूटी रैली को देखकर शहरवासियों ने भी पुलिस की इस अनूठी पहल की सराहना की है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














