मुज़फ्फरनगर- प्रेम विवाह: एसएसपी दफ़्तर पहुंचे एक प्रेमी युगल ने एसपी देहात आदित्य बंसल को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रेमी युगल ने बताया कि उन्होंने 11 फरवरी को कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन विवाह की जानकारी जैसे ही युवती के परिजनों को हुई, वे इस प्रेम विवाह से नाराज हो गए और दोनों को जान से मारने की धमकी देने लगे।
युवती साक्षी पुत्री चमन, निवासी लोहड्डा थाना रतनपुरी ने बताया कि वह करीब तीन साल पहले अंकुर पुत्र अमरेश पाल, निवासी गांव कन्हड़ थाना दोघट जिला बागपत से एक शादी समारोह के दौरान मिली थी। उसी समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया और धीरे-धीरे उनका रिश्ता गहरा होता चला गया। साक्षी ने बताया कि दोनों के परिवारों को भी उनके संबंध की जानकारी हो गई थी। जब उसने अपने परिजनों के सामने अंकुर से विवाह करने का प्रस्ताव रखा, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
परिस्थिति को देखते हुए दोनों ने आपसी सहमति से 11 फरवरी को कोर्ट मैरिज कर ली। साक्षी का कहना है कि अब वह अंकुर के साथ ही जीवन बिताना चाहती है, लेकिन उसके परिजन इस विवाह से नाराज हैं और लगातार झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वहीं अंकुर ने बताया कि उसके परिजन इस विवाह से खुश हैं, लेकिन साक्षी के परिवार वाले उन्हें परेशान कर रहे हैं। दोनों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपना वैवाहिक जीवन व्यतीत कर सकें।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













