मुज़फ्फरनगर: सड़क हादसा- पानीपत खटीमा हाइवे पर अनियंत्रित बस खाई में पलटी, बाल-बाल बचे यात्री

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर (तितावी)- जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शामली से मुजफ्फरनगर आ रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

​ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार को रोडवेज बस शामली से सवारियां लेकर मुजफ्फरनगर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस तितावी शुगर मिल के पास पहुँची, तभी अचानक सामने से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधी भिड़ंत बचाने के प्रयास में बस चालक ने तेजी से स्टेयरिंग मोड़ा, जिससे बस से नियंत्रण खो गया और बस लहराती हुई सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।

बस पलटते ही यात्रियों में कोहराम मच गया। बस के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के अंदर फंसे यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। सूचना मिलते ही तितावी पुलिस भी मौके पर पहुँच गई और राहत कार्य में हाथ बंटाया।

राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने एहतियातन सभी यात्रियों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कराई और उन्हें अन्य वाहनों के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटवाकर सुचारु कराया। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News