X
मुजफ्फरनगर- जनपद में गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को नगर कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) से मुलाकात कर गैस सिलेंडर की किल्लत और एजेंसियों के दुर्व्यवहार के खिलाफ मोर्चा खोला। व्यापार मंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में आधुनिक गैस, कोफेड गैस और दीपक गैस एजेंसियों की गंभीर शिकायतें कीं। आरोप लगाया गया कि गैस एजेंसियों के अधिकारी दफ्तरों के गेट बंद कर अंदर बैठ जाते हैं, जबकि आम जनता घंटों लाइन में खड़ी रहती है।
व्यापार मंडल ने उठाए ये 5 प्रमुख मुद्दे-
मैसेज का खेल– उपभोक्ताओं के पास ‘गैस डिलीवर’ होने का मैसेज आ जाता है, जबकि हकीकत में उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं होता।
वॉचर के नाम पर परेशानी– ऑनलाइन डी.ए.सी. (DAC) नंबर आने के बावजूद वॉचर के नाम पर जनता को दौड़ाया जा रहा है।
अवैध वसूली– टोकन बुक के नाम पर उपभोक्ताओं से 280 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जो नियमों के पूरी तरह विरुद्ध है।
KYC का भ्रम– केवाईसी (KYC) को लेकर सही जानकारी न देकर उपभोक्ताओं को गुमराह और परेशान किया जा रहा है।
अभद्र व्यवहार– घंटों लाइनों में खड़ा रखने के बाद भी उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दी जाती और उनके साथ बुरा बर्ताव किया जाता है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने व्यापार मंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थिति के अनुसार उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी और दो से तीन दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा। जयपाल शर्मा, प्रमोद त्यागी, अंशुमान अग्रवाल, नीरज बंसल, एडवोकेट विपिन मित्तल, पुनीत सिंघल, सुभाष मित्तल, विवेक गर्ग, प्रवीण धीमान, अमजद सैफी, राजीव गर्ग, तारिक भाई और अविरल मित्तल आदि।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













