मुजफ्फरनगर के मदरसे में गूंजा राष्ट्रगान, समाजसेवी मनीष चौधरी बोले— “गांधी एक व्यक्ति नहीं, सत्य और अहिंसा का अमर विचार हैं”

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- (मदरसे में गूंजा राष्ट्रगान) अंबा विहार स्थित मदरसा इदारतुस सालिहात में शहीद दिवस के अवसर पर एक भव्य और भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी मनीष चौधरी ने शिरकत की।

सामूहिक राष्ट्रगान से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनीष चौधरी, गणमान्य व्यक्तियों और मदरसे की छात्राओं द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया। पूरा परिसर देशप्रेम के सुरों से गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मनीष चौधरी का ओजस्वी संबोधन

छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि 30 जनवरी भारतीय इतिहास की सबसे गंभीर और भावुक तारीख है। उन्होंने कहा, “गांधी केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं है, बल्कि वह एक ऐसा विचार हैं जो आज भी सत्य बोलने वालों, गरीबों के आंसू पोंछने वालों और समाज में भाईचारे की अलख जगाने वालों के दिलों में जीवित हैं।” मनीष चौधरी ने युवाओं से आह्वान किया कि शहीद दिवस को केवल एक रस्म न समझें, बल्कि बापू के बताए अहिंसा, संवाद और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के दौर में गांधीवादी विचारधारा ही समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है।

प्रतिभाशाली छात्राएं हुईं सम्मानित

शिक्षा और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मदरसे की छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं में अल्शिफा, निदा राणा और आफिया शामिल रहीं। मनीष चौधरी ने इन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें देश के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मेरठ प्रांत संयोजक फैजुरर्हमान ने बताया कि अंबा विहार के इस मदरसे में राष्ट्रगान और सम्मान समारोह का आयोजन देश में एकता और सौहार्द का एक बड़ा उदाहरण है। मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना हम्माद नदवी, मौलाना दानिश, मौलाना आस मोहम्मद और डॉ. नजमुल हसन ज़ैदी ने भी बापू के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला और छात्राओं को उनके बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम की संवेदनशीलता और सुरक्षा के मद्देनजर चौकी इंचार्ज अंबा विहार अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। इस दौरान भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देश में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News