मुजफ्फरनगर- नसीरपुर विवाद का हुआ ‘पटाक्षेप’! सिसौली में नरेश टिकैत और सांसद हरेंद्र मलिक ने कराया समझौता

By प्रशांत खत्री

Published On:

मुजफ्फरनगर- जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर में पिछले कई दिनों से ठाकुर और कश्यप समाज के बीच उपजा तनाव आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच ऐतिहासिक समझौता हुआ। सिसौली स्थित टिकैत आवास पर हुई इस वार्ता के बाद किसान नेता ठाकुर पूरन सिंह और दुष्यंत कश्यप ने एक-दूसरे को गले लगाकर कड़वाहट खत्म करने का ऐलान किया।

विवाद की शुरुआत नसीरपुर में ठाकुर पूरन सिंह के परिवार और दुष्यंत कश्यप के बीच हुई झड़प से हुई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठाकुर पूरन सिंह के पुत्र, भाई और ड्राइवर को जेल भेज दिया था। एक ओर ठाकुर पूरन सिंह ने ‘मान-सम्मान’ की दुहाई देते हुए 14 मार्च को महापंचायत की घोषणा कर रखी थी, तो दूसरी ओर कश्यप समाज भी पूरन सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उसी दिन महापंचायत के लिए अड़ा था। दो समुदायों के बीच बढ़ते टकराव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर थी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाईचारे को कायम रखने के लिए भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और सांसद हरेंद्र मलिक ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। बुधवार को सिसौली में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया गया। घंटों चली चर्चा के बाद दोनों नेताओं ने समझाया कि समाज में वैमनस्य फैलाना किसी के हित में नहीं है। जिम्मेदार नेताओं की अपील पर ठाकुर पूरन सिंह और दुष्यंत कश्यप ने अपनी शिकायतें वापस लीं और आपसी रजामंदी से मामले को खत्म करने पर सहमति जताई।

समझौते के बाद सांसद हरेंद्र मलिक और चौधरी नरेश टिकैत ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि अब 14 मार्च को होने वाली किसी भी प्रकार की महापंचायत का आयोजन नहीं किया जाएगा। दोनों पक्षों ने समाज के युवाओं से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ टिप्पणी न करने की अपील की है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News