मुज़फ्फरनगर- द लर्निंग ट्री स्कूल”, गांधी कॉलोनी में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए रंग-बिरंगे और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हर्ष और उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का आरंभ फन एंड गेम्स से हुआ, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की हँसी और उमंग से वातावरण और भी जीवंत हो गया। इसके बाद बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया मूवी टाइम आयोजित किया गया, जिसे देखकर सभी बच्चों ने बहुत उत्साह के साथ देखा और आनंद लिया।

बाल दिवस के मुख्य आकर्षणों में से एक था लकी ड्रॉ, जिसमें कई बच्चों ने प्यारे उपहार जीतकर अपनी खुशी को दोगुना किया। समारोह के अंत में शिक्षकों ने बच्चों के लिए एक मनोहर नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे देखकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और वे झूम उठे। प्रधानाचार्या श्रीमती सुगंधा कपूर ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। विद्यालय परिवार ने इस यादगार आयोजन के माध्यम से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने और उनके मन में खुशियों के अनमोल पल संजोने का प्रयास किया।














