मुजफ्फरनगर- शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात को सुगम करने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार की रात एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में पुलिस और नगर पालिका की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सड़कों पर रखा अवैध सामान जब्त कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों से पुलिस और नगर पालिका प्रशासन लगातार दुकानदारों से अपील कर रहा था कि वे अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही सामान रखें। कई दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर स्टूल, कुर्सियां और अन्य सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध किया जा रहा था। इसी के चलते शुक्रवार रात प्रशासन ने ‘एक्शन मोड’ में आते हुए जब्ती की कार्रवाई शुरू की।
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत झांसी की रानी क्षेत्र से हुई, जो शिव चौक से होते हुए मीनाक्षी चौक और चारों ओर के 100-100 मीटर के दायरे में चलाया गया। नगर पालिका की टीम ने सड़कों पर अवैध रूप से रखे गए काउंटर, मेज और कुर्सियों को ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर जब्त कर लिया। अभियान के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। टीम में एएसपी सिटी, एसएचओ सिविल लाइंस, एसएचओ खालापार और एसएचओ कोतवाली नगर के साथ नगर पालिका के आरआई भी मौजूद रहे।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि, “शहर के यातायात को सुचारू बनाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। पहले भी सभी दुकानदारों से अपील की गई थी और नोटिस भी दिए गए थे, लेकिन पालन न करने वालों के खिलाफ अब सीजर (जब्ती) की कार्रवाई की गई है। यह अभियान अभी थमेगा नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह जारी रहेगा।”
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













