X
मुजफ्फरनगर- जनपद सहित आसपास के इलाकों में रविवार रात से हुई अचानक बरसात ने जहां मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है, वहीं प्रदूषण की मार झेल रहे लोगों के लिए यह बारिश संजीवनी बनकर आई है। पिछले काफी समय से बेहद खराब (Poor) स्थिति में चल रहे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सोमवार सुबह बड़ा सुधार दर्ज किया गया, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला है। मुज़फ्फरनगर में सोमवार सुबह AQI 68 दर्ज हुआ है।
पिछले काफ़ी समय से मुज़फ्फरनगर में बढ़ता प्रदूषण आम जनता से लेकर किसानों तक को प्रभावित कर रहा था। फैक्ट्रियों से निकलता काला काला धुआं हवा को प्रदूषित कर रहा था, जिसे प्रदूषण विभाग भी पूर्ण रूप से रोक नहीं लगा पा रहा था तो वहीं रविवार देररात हुई जबरदस्त बरसात ने मुज़फ्फरनगर समेत आसपास के जनपदों की हवा को शुद्ध कर दिया है। जो AQI 250 या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा था वो आज सोमवार सुबह मात्र 68 पर आ गया है। जिससे लोगों को चैन की सांस मिली है।
मुजफ्फरनगर और आसपास के जनपदों में पिछले कई हफ्तों से बारिश न होने और सूखे मौसम के कारण हवा में धूल और धुएं के कणों की मात्रा काफी बढ़ गई थी। इस कारण वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी के करीब पहुंच गया था, जिससे बुजुर्गों और सांस के मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन गत रात्रि हुई तेज बारिश ने वातावरण में तैर रहे इन प्रदूषक तत्वों को जमीन पर बैठा दिया, जिससे आसमान साफ हो गया और दृश्यता में भी सुधार हुआ है।
पर्यावरण विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में जो सुधार हुआ है, वह काफी समय बाद देखने को मिला है। बारिश से पहले मुजफ्फरनगर का AQI जो लगातार 250 से 300 के पार बना हुआ था, वह अब घटकर संतोषजनक स्थिति में आने की उम्मीद है। शहर की सड़कों पर जमी धूल साफ हो गई है और पेड़-पौधों पर जमी काली परत भी धुल गई है, जिससे चारों ओर हरियाली और ताजगी नजर आ रही है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














