मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मुजफ्फरनगर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाते हुए सपा सरकार के कार्यकाल को ‘अराजकता का दौर’ करार दिया और योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की जमकर तारीफ की।
मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “हम जिस जिले (मुजफ्फरनगर) में आज बैठे हैं, यहाँ जब दंगे हो रहे थे, कत्लेआम मच रहा था और लोग गाँव छोड़कर पलायन कर रहे थे, उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई में बैठकर ‘नाच’ देख रहे थे।” उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री का पहला धर्म जिले की बिगड़ी कानून-व्यवस्था को सुधारना होता है, लेकिन अखिलेश यादव के लिए ‘नाच’ सर्वोपरि था।
योगी राज में माफियाओं का सफाया
राजभर ने वर्तमान सरकार की तुलना करते हुए कहा कि पिछले 9 सालों में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ और न ही कहीं कर्फ्यू लगाने की नौबत आई। उन्होंने कहा, “जो माफिया पहले सड़कों पर ‘छुट्टा सांड’ की तरह घूमते थे, आज उनका सफाया हो चुका है। अब किसी अपराधी में सर उठाकर चलने की हिम्मत नहीं है, सबको भय सता रहा है कि कहीं बाबा का बुलडोजर न आ जाए।”
आरक्षण और भर्तियों पर सपा को घेरा
अखिलेश यादव पर पिछड़ों और अल्पसंख्यकों का हक मारने का आरोप लगाते हुए राजभर ने कहा कि सपा ने 20% मुस्लिम आबादी का वोट लेकर चार बार सरकार बनाई, लेकिन सत्ता मिलते ही वे मुसलमानों को भूल गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा काल में पुलिस, लेखपाल और एसडीएम जैसी महत्वपूर्ण भर्तियों में केवल एक विशेष जाति को तरजीह दी जाती थी और आयोग के चेयरमैन भी उसी बिरादरी के बनाए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि आज योगी सरकार में बिना पैसे और बिना सिफारिश के योग्य बच्चे सरकारी नौकरियां पा रहे हैं।
निकाय चुनाव और जातिवाद पर बयान
प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों पर राजभर ने स्पष्ट किया कि एनडीए गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन 15 अप्रैल को होने जा रहा है और चुनाव समय पर संपन्न होंगे। जातिवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज देश ‘कृषि प्रधान’ से ‘जाति प्रधान’ बन गया है। जब तक तहसीलों से जाति प्रमाण पत्र जारी होते रहेंगे, जातिवाद खत्म नहीं होगा। उन्होंने ‘जाति तोड़ो, समाज जोड़ो’ का नारा देते हुए जाति विहीन समाज की स्थापना पर जोर दिया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













