मुज़फ्फरनगर- नगर के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दानिश खान ने अबू धाबी में आयोजित इंटरनेशनल ओपन मास्टर्स गेम्स में स्कीट शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन किया है। 10 से 15 फरवरी के बीच आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में डॉ. खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 125 में से 113 अंक हासिल किए और स्कीट मास्टर्स शूटिंग चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
अबू धाबी से लौटने के बाद डॉ. दानिश खान ने अपनी इस उपलब्धि को देश को समर्पित करते हुए कहा कि यह सफलता उनके मुल्क की मिट्टी और यहां की आबो-हवा का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों से जुड़े 25 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। स्कीट शूटिंग स्पर्धा में दिल्ली के हम्माद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्रॉन्ज मेडल संयुक्त अरब अमीरात के खिलाड़ी के नाम रहा।
गौरतलब है कि डॉ. दानिश खान इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। एक वर्ष पूर्व दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 67वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की शॉटगन प्रतियोगिता में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। पिछले 19 वर्षों से वे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते आ रहे हैं।
डॉ. खान ने बताया कि उन्हें शूटिंग का शौक अपने ननिहाल से मिला। उनके मामू और चचेरे भाई ने उन्हें गन चलाने की प्रेरणा दी। व्यस्त चिकित्सा जीवन के बावजूद वे रोज क्लीनिक के बाद दिल्ली में अभ्यास करने जाते थे और देर रात लौटकर मरीजों को देखते थे। उनका मानना है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













