X बंद करें

मुजफ्फरनगर- 13 अप्रैल को योगी-जयंत की जुगलबंदी, बृहद रोजगार मेले के साथ भरेंगे हुंकार, तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक

By प्रशांत खत्री

Published On:

X

मुजफ्फरनगर- पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत और विकास की दृष्टि से आगामी 13 अप्रैल का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी एक साथ मुजफ्फरनगर के मंच पर नजर आएंगे। इस दौरान जहां मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं जनपद के हजारों युवाओं के लिए ‘बृहद रोजगार मेले’ का भव्य शुभारंभ भी किया जाएगा।

इस वीवीआईपी कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंगलवार को मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के शीर्ष जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले के आला अधिकारियों ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बैठक के उपरांत जानकारी देते हुए बताया कि 13 अप्रैल का कार्यक्रम युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। रोजगार मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं को नामचीन कंपनियों में सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का एक साथ आना क्षेत्र में विकास और रोजगार सृजन को नई गति प्रदान करेगा।

बैठक में जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, सुचारु यातायात, पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा सेवाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। जनसभा स्थल पर व्यापक जनसंपर्क अभियान और मंच व्यवस्था को लेकर भाजपा-रालोद के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समन्वय बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष शर्मा, रालोद क्षेत्रीय मंत्री तिरसपाल मलिक, प्रभात तोमर और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कार्तिक काकरान सहित भारी संख्या में नेता व अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इस कार्यक्रम को जनपद के इतिहास की सबसे भव्य और ऐतिहासिक जनसभा बनाने का संकल्प लिया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News