मुजफ्फरनगर- पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या, ‘मालिरा कांड’ का 24 घंटे में खुलासा; अवैध संबंध बने काल

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

​मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम मालिरा में रविवार को हुए युवक संदीप की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि संदीप की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहा था पति

​एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कल सुबह मालिरा के जंगल में 30 वर्षीय संदीप का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी मीनाक्षी पर शक हुआ। जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो पूरी साजिश सामने आ गई। मीनाक्षी के अपने ही ममेरे देवर (संदीप के ममेरे भाई) गौतम के साथ अवैध प्रेम संबंध थे। संदीप इन दोनों के संबंधों के बीच रोड़ा बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने खौफनाक साजिश रची।

पहले दी नशे की गोलियां, फिर हथौड़े से उतारा मौत के घाट

पुलिस के अनुसार, योजनाबद्ध तरीके से मीनाक्षी ने पहले संदीप को खाने में नशे की गोलियां दीं। जब संदीप बेहोश हो गया, तो मीनाक्षी और गौतम ने मिलकर उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों अभियुक्त शव को अपनी मोटरसाइकिल पर लादकर गांव के जंगल में फेंक आए ताकि इसे किसी बाहरी रंजिश का रूप दिया जा सके।

​पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा (आला कत्ल) और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए गठित टीम ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News