मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मलीरा के ग्रामीणों ने एक टायर फैक्ट्री द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण और ग्रामीणों के खिलाफ रची जा रही साजिशों को लेकर कड़ा रुख अपना लिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम मलीरा स्थित तिरुपति एंटरप्राइजेज (टायर फैक्ट्री) मानकों को ताक पर रखकर संचालित की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी प्रदूषण फैल रहा है। जब ग्रामीणों ने इसके विरोध में शांतिपूर्वक धरना दिया, तो फैक्ट्री मालिक ने प्रदूषण विभाग के अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में हुई बातचीत के बावजूद, ग्रामीणों के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराना शुरू कर दिया।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि फैक्ट्री मालिक उनके खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रच रहा है। ग्रामीणों को डर है कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया जा सकता है या उनके साथ कोई अनहोनी घटना घटित हो सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही फैक्ट्री के मानकों की जांच नहीं की और उनके खिलाफ हो रहे उत्पीड़न को नहीं रोका, तो वे किसान मजदूर संगठन के बैनर तले एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में गांव के दर्जनों निवासी और संगठन के कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













