मुजफ्फरनगर- पुलिस चौकी के सामने चोरों का दुस्साहस, ईद की खरीदारी के बीच दुकानदार का 50 हजार का माल साफ

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद में ईद के त्योहार को लेकर बाजारों में मची रौनक के बीच शातिर चोरों की ‘चांदी’ हो रही है। पुलिस की मुस्तैदी के दावों को ठेंगा दिखाते हुए नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कूकड़ा ब्लॉक चौक पर एक शातिर चोर ने पुलिस बीट के ठीक सामने से जींस और पेंटों से भरा बैग उड़ा लिया। चोरी की यह सनसनीखेज वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर बड़ी ही बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।

पीड़ित दुकानदार कंवरपाल प्रजापति के अनुसार, वह दुकान पर आए ग्राहकों को सामान दिखाने में व्यस्त था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मोबाइल पर बात करते हुए दुकान के पास आया। शातिर ने बड़ी ही चालाकी और बेफिक्री से सामान से भरा वह पोली बैग उठाया जिसमें लगभग ₹50,000 की कीमत की जींस और पैंट रखी थीं। बैग उठाकर चोर इतनी सहजता से निकला जैसे वह कोई ग्राहक हो और सामान खरीदकर जा रहा हो।

हैरानी की बात यह है कि जहाँ यह चोरी हुई, वहाँ ठीक सामने पुलिस बीट स्थित है। त्योहार के सीजन में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोर ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। इससे पहले भी शहर कोतवाली और आबकारी चौकी के पास शिव चौक क्षेत्र में पर्स लूट और चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है।

दुकानदार ने घटना की जानकारी तुरंत नई मंडी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में चोर का चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस और आसपास के कैमरों की मदद से बदमाश की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News