मुजफ्फरनगर- जनपद के जानसठ रोड स्थित सुरेंद्र नगर के पास आज उस समय सनसनी फैल गई, जब पास से गुजर रहे एक नाले में भारी संख्या में पशुओं के अवशेष देखे गए। नाले में गाय और भैंस के बछड़ों के अवशेष मिलने की सूचना जैसे ही फैली, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पनप गया। आनन-फानन में इसकी जानकारी प्रमुख गौसेवक निशु को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
9 बछड़ों के मिले अवशेष, मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही गौसेवक निशु अपनी टीम के साथ सुरेंद्र नगर के पास सांवली जा रहे नाले पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया। जांच करने पर पता चला कि नाले में करीब 9 बछड़ों के अवशेष पड़े हुए थे, जिनमें गाय और भैंस दोनों के छोटे बछड़े शामिल थे। नाले में इस तरह बेसहारा पशुओं के अवशेष मिलने से इलाके में बदबू फैल गई और लोगों में प्रशासन के प्रति भी नाराजगी देखी गई। साथ ही नगर पालिका से जेसीबी व ट्रॉली भी मंगवाई गई।
डेयरी संचालकों की क्रूरता पर उठाए सवाल
मौके पर मौजूद गौसेवक निशु और स्थानीय नागरिकों ने डेयरी संचालकों पर सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शहर और आसपास के इलाकों में चल रहे डेयरी संचालक क्रूरता की सारी हदें पार कर रहे हैं। आरोप है कि डेयरी संचालक उन पशुओं (बछड़ों) को मरने के लिए बेसहारा छोड़ देते हैं जो दूध नहीं देते या जिनके पालने में उन्हें कोई मुनाफा नजर नहीं आता। गौसेवकों का कहना है कि आर्थिक लाभ के चक्कर में इन बेजुबान जानवरों को नाले में फेंकना न केवल अपराध है, बल्कि धार्मिक भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
गौसेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे डेयरी संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह सिलसिला थमेगा नहीं। उन्होंने मांग की है कि आसपास की डेयरियों की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि यह अवशेष कहाँ से आए हैं। स्थानीय निवासियों ने भी पुलिस और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से दोषियों की पहचान कर उन पर सख़्त कार्यवाही की जाए।
फ़िलहाल गौसेवकों ने नगर पालिका की जेसीबी मंगवाकर नालों से बछड़ों के अवशेष बाहर निकलवाये गए। पशुओं की हड्डियां तक उक्त नाले में मिली जिन्हें निशु गौसेवक एकत्रित कर नगर पालिका से आई ट्रॉली में रखवाया। गौसेवक निशु ने बताया पशुओं के अवशेषों का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













