मुजफ्फरनगर- जडौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज के सभागार में बुधवार को विद्यार्थियों के लिए ‘‘स्काई इज द लिमिट’’ कार्यशाला और शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य प्रशिक्षक विजय राज, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया और अन्य शिक्षाविदों ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
विचारों का विस्तार ही सफलता की कुंजी
कार्यशाला की थीम ‘स्काई इज द लिमिट’ पर चर्चा करते हुए प्रशिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों को अपने विचारों का विस्तार व्यापक रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी संसाधनों के मामले में पिछली पीढ़ी से 10 वर्ष आगे है। विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और मुक्केबाज मैरीकॉम के संघर्ष की कहानियाँ सुनाई गईं, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानें। कक्षा-8 की छात्रा अनुश्री दहिया ने फीडबैक में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता विजय राज ने कहा कि शिक्षण एक गंभीर पेशा है। उन्होंने शिक्षकों को सलाह दी कि वे कक्षा में प्रवेश करने से पहले एक स्पष्ट उद्देश्य लेकर जाएं। उन्होंने जोर दिया कि एक सफल शिक्षक के लिए अच्छा व्यक्तित्व और सकारात्मक नजरिया दोनों अनिवार्य हैं। बच्चों की एकाग्रता बढ़ाने के लिए प्रतिदिन एक गतिविधि (Activity) और साप्ताहिक फीडबैक लेने का सुझाव भी दिया गया।
प्रतीक चिह्न देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया और समस्त स्टाफ ने प्रशिक्षक विजय राज को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान धीरज बालियान, जितेंद्र कुमार, अमित शर्मा और आकांश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शुभम कुमार, प्रीतम कुमार मिश्रा, रीना चौहान और सचिन कश्यप का विशेष सहयोग रहा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













