मुजफ्फरनगर (शाहपुर मुठभेड़)- जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत शाहपुर पुलिस को आज बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी और शातिर अंतर्राज्यीय बदमाश को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज थाना शाहपुर पुलिस द्वारा धनायन रोड पर चौकी इंचार्ज हरसौली और अन्य पुलिस बल के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो वह चांदपुर के रास्ते की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया और उसे सरेंडर करने के लिए ललकारा, लेकिन खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर उपचार हेतु सीएचसी शाहपुर भेजा। पूछताछ में बदमाश की पहचान संजीत पुत्र फूल सिंह के रूप में हुई है, जो जनपद बिजनौर के मंडावर क्षेत्र का रहने वाला है।
25 हजार का इनाम और दर्जनों मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संजीत एक शातिर गैंग लीडर है और उस पर थाना शाहपुर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह शाहपुर थाने में चोरी और लूट के दो मामलों में वांछित चल रहा था। इसके अलावा, उस पर विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन (12) चोरी और लूट के मुकदमे दर्ज हैं। संजीत के गैंग के पांच अन्य साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। शाहपुर पुलिस ने बदमाश के कब्जे से 01 देशी तमंचा (315 बोर), 01 खोखा कारतूस व 01 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













