मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत पचेंडा रोड पर स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोनू कुमार (पुत्र शिव कुमार) के रूप में हुई है, जो बच्चन सिंह कॉलोनी का निवासी था। सबसे दुखद बात यह है कि आगामी 22 फरवरी को मोनू की शादी होने वाली थी।
हाथ की नस कटी मिली, मौके पर मिला चाकू
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सुबह लगभग 8:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रजवाहे की पुलिया पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के बाएं हाथ की नस कटी हुई थी और दाहिने हाथ की तरफ खून के छींटे मिले हैं। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है।
प्रतिदिन की तरह दौड़ने निकला था युवक
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हुआ है कि मोनू कुमार सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहा था और प्रतिदिन दौड़ने जाता था। आज सुबह भी वह लगभग 3:15 बजे घर से अकेले पानी की बोतल लेकर दौड़ने के लिए निकला था।
सीओ नई मंडी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी परिवार वाले कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है। शादी के मात्र 6 दिन पहले हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मामले की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














