X बंद करें

मुजफ्फरनगर- अलविदा जुम्मा, ईद और नवरात्र पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, अधिकारियों ने ईदगाह का निरीक्षण किया

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। गुरुवार को अलविदा जुम्मा, ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्र के मद्देनजर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने शामली स्टैंड स्थित मुख्य ईदगाह का निरीक्षण कर धर्मगुरुओं से संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जनपद को 09 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। हर सेक्टर और जोन में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। फ्लैग मार्च के दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहें और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर पैनी नजर रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अधिकारियों ने शामली स्टैंड स्थित ईदगाह पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं और संबंधित विभाग को साफ-सफाई व बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने धर्मगुरुओं और नागरिकों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूर्ण पालन करें। विशेष रूप से यह स्पष्ट किया गया कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों (मस्जिद या ईदगाह) के अंदर ही अदा की जाए, सार्वजनिक सड़कों या रास्तों पर नमाज पढ़कर यातायात बाधित न करें।

एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी खबर की पुष्टि सीधे पुलिस या प्रशासनिक कंट्रोल रूम से करें। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर हमेशा से आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है और उम्मीद है कि इस बार भी सभी समुदाय मिलकर प्रेम और सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व मनाएंगे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News