मुजफ्फरनगर- जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आज खालापार क्षेत्र के वार्ड संख्या-55 व 27 में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निर्मित सीसी सड़क का औचक निरीक्षण किया। फक्कर शाह चौक से ए०के० सैनेटरी स्टोर तक बनी 247 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण महज 6 माह पूर्व हुआ था, लेकिन पहली ही जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुल गई। सड़क के बीचों-बीच दरारें आने और ठेकेदार द्वारा उन्हें छिपाने के लिए तारकोल से मरम्मत करने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए।
घटिया निर्माण को लेकर जिलाधिकारी ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद को संबंधित ठेकेदार मैसर्स धीरज पाल सिंह का भुगतान तत्काल रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट आदेश दिए कि उक्त फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए और उसे भविष्य के लिए ब्लैक लिस्ट (काली सूची) में डाला जाए। निरीक्षण के दौरान ईओ नगरपालिका और सहायक अभियंता (निर्माण) भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













