X
मुजफ्फरनगर- जनपद में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (CO) राम आशीष यादव के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर प्रोन्नत किया गया है। शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान जिले के आला अधिकारियों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने संयुक्त रूप से राम आशीष यादव के कंधों पर अशोक स्तंभ (बैज) अलंकरण लगाकर उन्हें नई रैंक प्रदान की। अधिकारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि पदोन्नति न केवल एक सम्मान है, बल्कि यह अपने साथ अधिक जिम्मेदारी भी लाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राम आशीष यादव अपने नवीन पद पर भी उसी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों की मेहनत से पुलिस विभाग की गरिमा और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचती है।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने भी राम आशीष यादव को मिठाई खिलाकर बधाई दी। जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारीगणों ने भी उन्हें इस बड़ी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। राम आशीष यादव की इस प्रोन्नति से पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल है। उन्हें एक सुलझे हुए और त्वरित निर्णय लेने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












