X
मुजफ्फरनगर- जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को रायपुर नंगली हाईवे पुल के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में गैंगस्टर एक्ट में वांछित अपराधी इंतजार उर्फ मोटा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रतनपुरी राकेश कुमार की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। बदमाश ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान इंतजार उर्फ मोटा निवासी भनवाड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक बिना नंबर की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है ‘मोटा’
पकड़ा गया अभियुक्त इंतजार उर्फ मोटा शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर रतनपुरी थाने में गैंगस्टर एक्ट, लूट, गौवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन धाराओं में करीब 7 मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल ही में गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














