मुजफ्फरनगर- (मुठभेड़) जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस और शातिर हथियार तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि 16 फरवरी को चौकी इंचार्ज रामलीला टीला नियाजूपुरा रोड पर नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुके नहीं और भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो लोहारी रजवाहा के पास कच्चे रास्ते पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पिस्तौल और कारतूसों का जखीरा बरामद– पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 03 पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस व 04 खोखा कारतूस बरामद किये हैं। सीओ सिटी ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि ये लोग पेशेवर पिस्टल सप्लायर हैं और हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी (स्मगलिंग) का काम करते हैं। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का सौदा करते थे। शुरुआती पूछताछ में इन तस्करों के तार देहरादून से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














