मुजफ्फरनगर- सांसों के लिए खतरा बना प्लांट’ सील, दो बार हो चुका है अग्निकांड, प्रदूषण विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- शहर के चरथावल रोड पर अवैध रूप से संचालित काले तेल के प्लांट और गोदाम के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ा एक्शन लिया है। मदरसे के सामने ‘NR ट्रेडिंग’ नाम से चल रहे इस केमिकल प्लांट से फैल रही जहरीली दुर्गंध और प्रदूषण की शिकायतों के बाद टीम ने इसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। विभाग ने संचालकों को स्पष्ट शब्दों में अपना ‘बोरिया-बिस्तर’ समेटने की चेतावनी दी है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई राजा गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब मौके पर जांच की, तो वहां का नजारा बेहद डरावना था। खाली प्लॉट्स में सैकड़ों केमिकल ड्रम बेतरतीब पड़े थे और चारों तरफ ज्वलनशील पदार्थ बिखरा हुआ था। जब टीम ने वैध लाइसेंस, NOC और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र मांगे, तो संचालक कोई भी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

हैरत की बात यह है कि इसी प्लांट में करीब दो महीने पहले भीषण आग लगी थी, जिसका काला धुआं घंटों तक आसमान में छाया रहा था। इस हादसे के बाद भी मालिकों ने सबक नहीं लिया और अवैध संचालन जारी रखा। स्थानीय निवासी गौरव गर्ग ने बताया कि इस प्लांट की वजह से न सिर्फ हवा जहरीली हो गई है, बल्कि ग्राउंडवाटर (भूजल) भी दूषित होने की कगार पर है।

जांच में यह भी सामने आया कि प्लांट मालिक अभी तक विभाग को इस यूज्ड ऑयल का केमिकल फॉर्मूला या नाम नहीं बता पाए हैं। अग्निशमन विभाग के नोटिस का भी कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया। प्रबंधक बस यही राग अलापते रहे कि यह फैक्ट्रियों का खराब तेल है, जिसे साफ करके ईंट भट्टों और अन्य इकाइयों को ईंधन के रूप में सप्लाई किया जाता है।

प्रदूषण विभाग के जेई राजा गुप्ता ने कहा, “मौके पर भारी अनियमितताएं मिली हैं। न तो सुरक्षा के मानक पूरे हैं और न ही पर्यावरण नियमों का पालन हो रहा है। प्लांट को सील कर दिया गया है और सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News