मुजफ्फरनगर- गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और फरवरी माह में आने वाले आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद मुजफ्फरनगर में सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शांति व्यवस्था को भंग करने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए रविवार को भारी पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
इसी कड़ी में रविवार को सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में थाना नगर कोतवाली पुलिस, एलआईयू (LIU), डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते (BDDS) की संयुक्त टीम ने रुड़की रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम को अचानक अपने बीच देख वहां हड़कंप मच गया। डॉग स्क्वॉड ने झोपड़ियों के कोने-कोने को सूंघकर तलाशा, वहीं बम निरोधक दस्ते ने अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने झोपड़ियों में रह रहे लोगों से गहन पूछताछ की और उनके पहचान पत्रों (ID Cards) का सत्यापन किया। बाहर से आकर रह रहे संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस ने विशेष रजिस्टर भी चेक किए। सुरक्षा एजेंसियों का मुख्य उद्देश्य किसी भी बाहरी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की समय रहते पहचान करना है।
मौके पर मौजूद सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी और आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शासन और एडीजी मेरठ जोन के निर्देश पर 9 विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें सघन चेकिंग अभियान प्राथमिकता पर है। उन्होंने बताया कि आज शहर के प्रमुख बाजारों और रुड़की रोड की झुग्गी-झोपड़ियों में जांच की गई है। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के नजरिए से यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और ढाबों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। शहरवासियों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













