मुजफ्फरनगर- “भारत माता अब और बोझ नहीं सह सकती”, जनसंख्या नियंत्रण पर संजीव बालियान का बड़ा बयान

By प्रशांत खत्री

Published On:

मुजफ्फरनगर- जनपद में आयोजित छत्रपति शिवाजी सेना के सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने देश की बढ़ती आबादी और सामाजिक कुरीतियों पर तीखा प्रहार किया है। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण को आज की सबसे बड़ी जरूरत बताया और कहा कि देश की डेमोग्राफी जिस तेजी से बदल रही है, वह चिंता का विषय है।

“150 करोड़ से ज्यादा आबादी, अब और बोझ सहना मुश्किल”

जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को दोहराते हुए डॉ. बालियान ने कहा, “आज देश की आबादी 150 करोड़ से ऊपर जा चुकी है। भारत माता अब और बोझ नहीं सह सकती। जिस तरह से देश की डेमोग्राफी बदल रही है, उसे देखते हुए जनसंख्या नियंत्रण आज वक्त की सबसे बड़ी पुकार है।” उन्होंने देश के हर युवा से इस मुद्दे पर गंभीरता से सोचने का आह्वान किया और कहा कि राष्ट्रहित में यह कदम उठाना अब अनिवार्य हो गया है।

जातिवाद पर प्रहार और सामाजिक एकता का संदेश

छत्रपति शिवाजी सेना के कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह संगठन देशभक्त युवाओं का एक बड़ा मंच है। उन्होंने हिंदू समाज की सबसे बड़ी कमजोरी पर प्रहार करते हुए कहा, “हमारे समाज की सबसे बड़ी समस्या जातियों में बंटना है। शिवाजी सेना जैसे संगठन युवाओं को जातियों के बंधन से तोड़कर राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहे हैं।” उन्होंने युवाओं को सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करने का संदेश दिया।

यूजीसी और राजनीतिक मुद्दों पर दी अपनी राय

यूजीसी से जुड़े सवालों और सुप्रीम कोर्ट के हालिया घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बालियान ने कहा कि जब मामला देश की सर्वोच्च अदालत के विचाराधीन हो और कमेटी गठित की गई हो, तो उस पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है। वहीं, पार्टी के भीतर चल रही बयानबाजी और वायरल ऑडियो प्रकरण पर उन्होंने संजीदगी दिखाते हुए कहा, “पार्टी एक परिवार है। जो भी बातें हैं, वे पार्टी फोरम पर होनी चाहिए, सार्वजनिक मंचों पर नहीं। हम सभी को आपस में मिल-बैठकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।”

छत्रपति शिवाजी सेना के सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

मुजफ्फरनगर में आयोजित इस सम्मेलन में भारी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। डॉ. बालियान ने इसे एक “शानदार और सफल कार्यक्रम” बताते हुए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों पर चलकर ही हम एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News