मुजफ्फरनगर- मंसूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या का आरोपी गिरफ़्तार

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- (हत्या) जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महज दो दिन पूर्व मामूली विवाद में अपने ही साथी की चाकू गोदकर हत्या करने वाले आरोपी सोनू उर्फ भिसन्डी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। मुबारिकपुर कट के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपको बता दें, बीती 27 जनवरी 2026 को थाना मंसूरपुर क्षेत्र के अंतर्गत दो दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि अभियुक्त सोनू उर्फ भिसन्डी ने अपने साथी दीपक पुत्र यशपाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों के बीच कोहराम मच गया था। पुलिस ने तुरंत हत्या का मुकदमा (मु0अ0सं0 15/2026) दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम लगातार हत्यारे की तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस ने मुबारिकपुर कट के पास घेराबंदी की। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी सोनू को घायल अवस्था मे गिरफ़्तार कर लिया है। ​पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया नाजायज चाकू, एक तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News