X बंद करें

मुजफ्फरनगर- बिंदल ग्रुप पर IT रेड में बड़ा खुलासा, 3 करोड़ कैश और 15 करोड़ के जेवरात बरामद, करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने ‘बिंदल पेपर्स मिल्स समूह’ पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। विभाग की इस बड़ी कार्रवाई में अब तक करोड़ों की अघोषित संपत्ति और वित्तीय अनियमितताओं के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में विभाग ने समूह के ठिकानों से 3 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और लगभग 15 करोड़ रुपये के जेवरात बरामद किए बताए जा रहे हैं।

आयकर विभाग की जांच में सामने आया है कि समूह द्वारा गन्ने की खोई (बैगास) और अन्य कच्चे माल की बड़े पैमाने पर अघोषित खरीद की गई थी। कागज उत्पादन के कारोबार में लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध और फर्जी खरीद के पुख्ता संकेत मिले हैं। विभाग का मानना है कि समूह ने चीनी और कागज, दोनों क्षेत्रों में अपने वास्तविक मुनाफे को छिपाने के लिए कागजी हेरफेर किया और बड़े पैमाने पर अघोषित बिक्री की।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भी बिंदल ग्रुप से जुड़ी कई इकाइयों पर छापेमारी जारी रही है। जिसमें काफ़ी अनियमितता पाए जाने की खबर आ रही है। जांच के दौरान कागज की अघोषित बिक्री से संबंधित तथ्य भी सामने आए हैं। इसके अतिरिक्त समूह द्वारा आयकर अधिनियम के अंतर्गत लगभग 171.3 करोड़ रुपये की कटौती का दावा किया गया है, जिसे विभाग की प्रारंभिक जांच में नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया है। इस संबंध में विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है और समूह के प्रमुख कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

जांच में सबसे बड़ा खुलासा आयकर अधिनियम की धारा 80आईए के तहत किए गए दावों को लेकर हुआ है। बिंदल समूह ने लगभग 171.3 करोड़ रुपये की टैक्स कटौती का दावा किया था। विभाग की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि समूह की कागज इकाई, पावर प्लांट और शुगर यूनिट के लिए अलग-अलग लेखा-पुस्तकें नहीं रखी जा रही थीं। समूह के आंतरिक लेखाकार और जीएम ने भी अपने बयानों में स्वीकार किया है कि केवल समेकित रिकॉर्ड ही रखे गए थे। नियमों के उल्लंघन के चलते विभाग अब इस भारी-भरकम कटौती के दावे को खारिज करने की तैयारी में है।

आयकर विभाग की टीमें अभी भी दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं और समूह के प्रमुख कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है; बिंदल ग्रुप की सभी इकाइयां सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं। मुजफ्फरनगर और बिजनौर स्थित आवासों और कार्यालयों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News