X
मुजफ्फरनगर- जनपद की खतौली थाना पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी में हुई चोरी की बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात दूधली मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाश पर मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 10 मार्च को खतौली की आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप के घर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर कीमती आभूषण और नगदी पार कर दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल के नेतृत्व वाली टीम लगातार इस घटना के खुलासे के लिए दबिश दे रही थी। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश किसी घटना की फिराक में नहर पुल से दूधली मार्ग की ओर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी।
घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद बदमाश लगातार गोलियां चलाता रहा। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई सूक्ष्म जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जिसकी पहचान दानिश उर्फ काला पुत्र वारिस (निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ) के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक पीली धातु की कंठी मय लॉकेट, दो कान की झुमकी, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, 4420 रुपये नगद और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद किया है। अभियुक्त दानिश उर्फ काला का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है; उस पर मेरठ के लोहियानगर, नौचंदी और लिसाड़ी गेट सहित खतौली थाने में चोरी, शस्त्र अधिनियम और बीएनएस की गंभीर धाराओं में 8 मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद बघेल, व0उ0नि0 राजकुमार बालियान और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी ने पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














