X बंद करें

महावीर जयंती पर भक्ति के रंग में रंगा मुजफ्फरनगर, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सारथी बन संभाली प्रभु के रथ की कमान

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

​मुजफ्फरनगर- जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर आज जनपद में श्रद्धा और उल्लास का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रेमपुरी स्थित जैन औषधालय और नई मंडी क्षेत्र में आयोजित भव्य कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस पावन अवसर पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और उन्होंने स्वयं सारथी बनकर भगवान के रथ का संचालन किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रेमपुरी स्थित जैन औषधालय पंडाल में हुआ। महोत्सव के दौरान रविन्द्र कुमार जैन एवं उनकी धर्मपत्नी ने भगवान महावीर के माता-पिता की भूमिका निभाई, जिससे पूरा वातावरण भावनात्मक और भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के पालने को झुलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

नई मंडी चौड़ी गली स्थित जैन मंदिर से एक विशाल एवं भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—गौशाला रोड, बिंदल बाजार, वकील रोड, संजय मार्ग, पटेलनगर, मुनीम कॉलोनी, घेरखत्ती, पीठ बाजार और पुरानी गुड़ रोड से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान ‘त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर की’ के जयघोषों से आकाश गुंजायमान रहा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया।

भगवान परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटा ब्राह्मण समाज, आज बैठक में लिए कई निर्णय

मंदिर समिति द्वारा पटका पहनाकर सम्मानित किए जाने के बाद अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या और संयम का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा, “भगवान महावीर का अहिंसा परमो धर्म: का संदेश आज के अशांत समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। युवाओं को सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष अमित कुमार जैन, प्रवीण जैन, अमित जैन, रोहित जैन, राजेश जैन, चंद्र कुमार जैन, अशोक कुमार जैन एवं कोषाध्यक्ष नवीन कुमार जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सहयोग रहा। अंत में मंत्री ने समस्त जनपदवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News