मुजफ्फरनगर- देवोपम किड्स गार्डन में खेल के मैदान पर उतरीं खुशियाँ; फूलों की होली में सराबोर हुए नन्हे कान्हा और राधा

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- गांधी कॉलोनी लिंक रोड स्थित देवोपम किड्स गार्डन में शनिवार को खेलों का रोमांच और भक्ति का उल्लास एक साथ देखने को मिला। स्कूल परिसर में आयोजित ‘एनुअल स्पोर्ट्स डे’ और ‘कान्हा संग होली’ कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और मस्ती से सबका मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुभाष शर्मा, श्रीमती साधना मेहता, डॉ. विवेक गुलाटी, डॉ. शिवानी लाल और डॉ. मुकेश अरोरा ने स्कूल संस्थापक स्व. श्री अमरनाथ जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यूकेजी के बच्चों ने ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

स्कूल प्रिंसिपल नेहा अरोरा और डायरेक्टर राजीव मुंजाल ने बच्चों को मशाल भेंट कर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इसके बाद शुरू हुई टनल रेस, डम्बल रेस, हर्डल रेस और बैलेंस द बॉल जैसी प्रतियोगिताओं में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती का प्रदर्शन किया। विक्ट्री स्टैंड पर खड़े विजेताओं के चेहरे पर मेडल और सर्टिफिकेट पाकर आत्मविश्वास की मुस्कान साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘कान्हा संग होली’ रहा। राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे बच्चों ने जब फूलों और गुलाल के साथ होली खेलना शुरू किया, तो पूरा परिसर ब्रज के रंग में रंग गया। बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता ने भी इस पावन उत्सव का जमकर आनंद लिया। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News