मुजफ्फरनगर- चरथावल में खाद्य विभाग की बड़ी छापेमारी; होली से पहले मिलावटखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, मिठाइयों के नमूने भरे गए

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- (छापेमारी) होली के त्योहार पर मिलावटी मिठाइयों के जरिए जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को चरथावल कस्बे के बाजारों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम को देखते ही कई मिठाई विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर मौके से रफूचक्कर हो गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा के निर्देशन में फूड इंस्पेक्टर वैभव शर्मा की टीम ने चरथावल के मुख्य बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने कई प्रसिद्ध मिठाई दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां रखी मिठाइयों की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों पर मिठाइयां मानक के अनुरूप नहीं पाई गईं या खराब हो चुकी थीं, उन्हें अर्चना धीरान ने अपनी मौजूदगी में ही नष्ट करवा दिया। टीम ने विभिन्न दुकानों से खोया, पनीर और रंगीन मिठाइयों के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

अर्चना धीरान ने व्यापारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिठाइयों में हानिकारक कृत्रिम रंगों का प्रयोग तुरंत बंद करें। यदि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।”

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी होली व ईद आदि त्योहारों के मद्देनजर यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। जिले के अन्य कस्बों और शहरी क्षेत्रों में भी औचक छापेमारी की योजना बनाई गई है ताकि मिलावटखोरों पर लगाम कसी जा सके।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News