मुजफ्फरनगर- बुढ़ाना पहुंचे फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, बुढ़ाना में खरीदी कृषि भूमि, प्रशंसकों की उमड़ी भीड़

By प्रशांत खत्री

Published On:

मुजफ्फरनगर- बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और जनपद की माटी के लाल नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को अचानक अपने पैतृक कस्बे बुढ़ाना पहुंचे। नवाजुद्दीन के तहसील पहुंचने की खबर मिलते ही हजारों प्रशंसकों का हुजूम अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा। इस दौरान नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने तहसील परिसर में कृषि भूमि की खरीद-फरोख्त से संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने मंझले भाई और फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना के मोहल्ला काजीवाड़ा स्थित अपने पैतृक निवास पर पहुंचे। घर पहुंचते ही नवाजुद्दीन ने सबसे पहले अपनी अम्मी हज्जन मेहरुनिशां से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने अपने सगे भाइयों, एडवोकेट अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी के साथ समय बिताया और पारिवारिक कुशलक्षेम जानी।

पारिवारिक मुलाकात के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी सीधे बुढ़ाना तहसील परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने एडवोकेट प्रशांत शर्मा के चैंबर में कृषि भूमि की खरीद संबंधी आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया और उन पर हस्ताक्षर किए। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वे सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, जहां सब-रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन के समक्ष बैठकर बैनामे की कानूनी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।

जैसे ही तहसील में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मौजूदगी की खबर फैली, वहां हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। कड़ी सुरक्षा और भीड़ के बीच नवाजुद्दीन ने सादगी के साथ अपना काम पूरा किया। जमीन की इस खरीद को नवाजुद्दीन के अपनी जड़ों और खेती-किसानी से जुड़े रहने के लगाव के रूप में देखा जा रहा है। नवाजुद्दीन अक्सर समय मिलने पर अपने गांव आकर खेती करना पसंद करते हैं, जो उनके प्रशंसकों के बीच हमेशा चर्चा का विषय रहता है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News