X बंद करें

मुजफ्फरनगर- खतौली में पुलिस और शातिर चोर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ मेरठ का बदमाश

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद की खतौली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए आवास विकास कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को सफेदा अंडरपास के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर चोर घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश के पास से चोरी के आभूषण, नगदी और अवैध असलहा बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी खतौली दिनेश चंद बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम सफेदा अंडरपास पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने घेराबंदी देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर झोंक दिया। पुलिस टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली बदमाश के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।

पुलिस की पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान शानवाज उर्फ शाहनवाज पुत्र नूरुद्दीन (निवासी मेरठ) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शाहनवाज एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में 8 मुकदमे दर्ज हैं। ​बीती 10 मार्च को खतौली की आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप के घर में चोरी हुई थी। पकड़े गए बदमाश के पास से उस चोरी से संबंधित ​02 जोड़ी चांदी की पाजेब, ​15,420 रुपये नगद, 01 तमंचा, 01 खोखा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इस सफल अनावरण के लिए खतौली पुलिस टीम की सराहना की है। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है, जहां से उसे जेल भेजने की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News