मुज़फ्फरनगर- नगर में चल रहे विकास कार्यों में लगातार मानकों से कम सामग्री लगाने की शिकायतें चारों तरफ़ से आ रही हैं। नगर की पॉश कॉलोनी कहे जाने वाली गाँधी कॉलोनी जो मौजूदा सरकार का गढ़ माना जाता है वहाँ की सड़क निर्माण भी यही हाल देखा गया था। वहीं आज ऐसी ही शिकायतें नगर पालिका क्षेत्र के गाँव सुजड़ू से भी सामने आया है।
नगर पालिका परिषद के अन्तर्गत पड़ने वाले गाँव सुजड़ू जो वार्ड संख्या- 3 में आता है वहाँ चल रहे नाला निर्माण में भी कम सामग्री लगाए जाने की शिकायतें मिल रही थी। बताया जा रहा है यहाँ नाला निर्माण कार्य चल रहा है जिसकी गुणवत्ता सही नहीं है। जिसके बाद गुरुवार रात पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरुप व ईओ प्रज्ञा सिंह मौके पर पहुँचे।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने वार्ड संख्या तीन के अंतर्गत चल रहे सुजड़ू रोड नाला निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं की शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए गुरुवार देर रात अचानक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर पालिका की ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह सहित पूरा अमला मौजूद रहा।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पहुँची पालिका अध्यक्ष ने मौके पर निर्माण विभाग के इंजीनियरों को बुलाकर तत्काल जांच कराई। जांच में पाया गया कि नाले के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री और सरिया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।
गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मौके पर ही ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को विस्तृत जांच करने और दोषी पाए जाने पर ठेकेदार का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने पालिका अध्यक्ष की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email- muzaffarnagarviews@gmail.com














