X
मुजफ्फरनगर- जनपद के धार्मिक गलियारों में एक बार फिर ‘श्याम नाम’ की गूँज सुनाई देगी। नई मंडी स्थित रामलीला भवन में आगामी 21 से 23 मार्च तक तीन दिवसीय विशाल ‘श्री श्याम पधारो म्हारे गांव-2’ महोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जा रहा है। इस महोत्सव में देश के विख्यात भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति-रस में सराबोर करेंगे।
गुरुवार को नई मंडी रामलीला भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम आयोजक राजकुमार सिंघल ने महोत्सव की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि उत्सव का आगाज 21 मार्च को दोपहर 12 बजे ‘श्याम नाम की मेहंदी’ के साथ होगा। इसी कड़ी में शाम 7:15 बजे से ‘राधा रानी संकीर्तन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक दीपेश सुनेजा और मनीष चौहान (मौज फकीरा) अपनी मधुर वाणी से भजनों की अमृत वर्षा करेंगे।
महोत्सव का दूसरा दिन यानी 22 मार्च बेहद खास होने वाला है। इस दिन नई मंडी रामलीला भवन के पास एक विशाल और भव्य पांडाल में बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा। कार्यक्रम की खास बात यह है कि पहली बार कोलकाता से ‘लाइव 35MM’ तकनीक मुजफ्फरनगर लाई जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस भव्य संकीर्तन में कोलकाता के संजू शर्मा, दिल्ली की ऋतु पांचाल और ईशा शर्मा जैसे दिग्गज कलाकार अपनी हाजिरी लगाएंगे।
महोत्सव का समापन 23 मार्च को एक भव्य भजन संध्या के साथ होगा। समापन समारोह में जयपुर की मशहूर भजन गायिका दीदी रजनी राजस्थानी और भैया अभिषेक नामा मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। आयोजकों ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर को देखते हुए इस बार बाबा श्याम के साथ-साथ माता शाकुंभरी देवी का भी भव्य दरबार सजाया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में रेवाड़ी से श्याम बहादुर जी महाराज, तुलकाना धाम से देवेंद्र पुजारी, सुरेश चंद गुप्ता और अनमोल अग्रवाल सहित कई गणमान्य विभूतियां और संत समाज पधारेगा। आयोजन समिति ने सभी श्याम प्रेमियों से इस अलौकिक उत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












