मुजफ्फरनगर- (मुर्गों की जंग) जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में जुए और सट्टे का एक अजीबोगरीब खेल चल रहा था, जहाँ इंसानों की किस्मत मुर्गों की लड़ाई पर टिकी थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर तितावी पुलिस ने जब छापेमारी की, तो सट्टेबाजों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में वाहन बरामद किए हैं, हालांकि सट्टेबाज भागने में सफल रहे।
मुर्गों की लड़ाई और दांव पर लाखों का सट्टा
मामला तितावी थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर खुर्द (तीरपड़ी) मार्ग का है। यहाँ लंबे समय से मुर्गों की लड़ाई कराकर बड़े स्तर पर सट्टेबाजी की जा रही थी। सूचना मिली थी कि इस खेल में दूर-दराज से लोग आकर दांव लगा रहे हैं। तितावी थाना प्रभारी पवन चौधरी के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर अनुभव चौधरी और पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की, तो मौके का मंजर देख पुलिस भी हैरान रह गई।
पुलिस को देख भागे सट्टेबाज
जैसे ही पुलिस की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, सट्टा खेल रहे असामाजिक तत्वों के होश उड़ गए। पुलिस को पास आता देख सभी आरोपी अपने वाहन छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो वहां से 11 मोटरसाइकिलें और एक ई-रिक्शा लावारिस हालत में बरामद हुए।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने सभी 11 बाइकों और ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि बरामद वाहनों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन सट्टेबाजों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धंधे करने वालों में खौफ का माहौल है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













