X बंद करें

मुजफ्फरनगर- आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या का ‘संवैधानिक’ समाधान तलाशेंगे पशु प्रेमी, सभासदों को सौंपा ज्ञापन

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद में पिछले काफी समय से बंदरों और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर अब पशु प्रेमियों ने मोर्चा संभाला है। अर्जुन फाउंडेशन के बैनर तले पशु प्रेमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज वार्ड 37 के सभासद अमित पटपटिया और वार्ड 35 के सभासद अमित शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पशुओं के अमानवीय और असंवैधानिक विस्थापन पर रोक लगाने की मांग करते हुए कानून के दायरे में रहकर समस्या का समाधान करने हेतु एक ज्ञापन सौंपा।

डॉ. संदीप अरोड़ा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सभासदों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और पशु जन्म नियंत्रण अधिनियम 2022 की प्रतिलिपियां सौंपी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंदरों और कुत्तों को उनके प्राकृतिक स्थान से उठाकर दूसरी जगह छोड़ना न केवल अमानवीय है, बल्कि कानूनी रूप से गलत भी है। लगभग डेढ़ घंटे तक चली विस्तृत वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि किस तरह संविधान के दायरे में रहकर नसबंदी और टीकाकरण के माध्यम से इस विकट समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।

सभासद अमित पटपटिया और अमित शर्मा ने पशु प्रेमियों की बात को गंभीरता से सुना। सभासद अमित पटपटिया ने आश्वासन दिया कि वे इन सुझावों को नगर पालिका अध्यक्ष के सम्मुख रखेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन, जनता और पशु प्रेमियों के सामूहिक प्रयासों से इस समस्या का ऐसा समाधान निकाला जाएगा जो मानवीय भी हो और संवैधानिक भी। अर्जुन फाउंडेशन ने प्रशासन को इस कार्य में हर संभव सहयोग देने की पेशकश भी की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से सावन महिंद्रा, अश्विनी शर्मा, नमन जैन, राहुल महेश्वरी और पंकज सिंघल आदि शामिल रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News