मुजफ्फरनगर- ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते देश भर में गहराए घरेलू गैस संकट(गैस की किल्लत) का असर अब मुजफ्फरनगर की गलियों में भी दिखाई देने लगा है। केंद्र सरकार की नई एडवाइजरी के बाद, जहाँ एक सिलेंडर के लिए 25 दिन का अंतराल अनिवार्य कर दिया गया है, वहीं अब सिलेंडरों की कालाबाजारी के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को शहर के रामपुरी इलाके में उपभोक्ताओं ने गैस वेंडर को घेरकर जमकर हंगामा किया।
रामपुरी निवासी राजकुमार तोमर के नेतृत्व में दर्जनों उपभोक्ताओं ने वेंडर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। एक गैस उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने दो दिन पहले सिलेंडर बुक किया था, जिसका ‘डिलीवरी सक्सेसफुल’ का मैसेज भी उनके मोबाइल पर आ गया, लेकिन वास्तव में उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वेंडर टेम्पो में भरकर सिलेंडरों को ब्लैक में बेच रहे हैं और आम जनता को किल्लत का बहाना बनाकर लौटाया जा रहा है।
वहीं, गैस वेंडर विपिन कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। वेंडर का कहना है कि आज उन्हें केवल 15 सिलेंडर प्राप्त हुए थे। जो ग्राहक पहले से बुकिंग की रसीद दिखा रहे हैं, उन्हें ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं। साथ ही, मौके पर ही केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। वेंडर के अनुसार, सप्लाई कम होने के कारण सभी को तुरंत सिलेंडर दे पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू गैस के उपयोग को लेकर सतर्कता बरतते हुए निर्देश दिए हैं कि एक उपभोक्ता को 25 दिन में केवल एक ही सिलेंडर मिलेगा। इसके साथ ही कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके कारण बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है।
शिकायतकर्ता राजकुमार तोमर ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए कि आखिर सिलेंडर कहाँ जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कालाबाजारी नहीं रुकी तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













