मुजफ्फरनगर- अमेज़न से सोने के सिक्के मंगाकर खाली डिब्बे लौटाने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश, राजस्थान के 3 ठग गिरफ्तार

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद की नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है, जो अमेज़न जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों से सोने के सिक्के और बिस्किट ऑर्डर कर धोखाधड़ी करता था। यह गैंग डिलीवरी बॉय को झांसे में लेकर पैकेट से असली सोना निकाल लेता था और खाली डिब्बा कंपनी को वापस कर देता था। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये के सोने के बिस्किट, सिक्के और मोबाइल बरामद किए हैं।

ब्लूडार्ट कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कूरियर कंपनी ‘ब्लूडार्ट’ की ओर से शिकायत मिली थी कि मुजफ्फरनगर में विभिन्न पतों और मोबाइल नंबरों से अमेज़न के माध्यम से सोने के सिक्के मंगाए जा रहे हैं। डिलीवरी के समय ये लोग ऑर्डर रिजेक्ट कर देते थे, लेकिन जब वो डिब्बे वापस कंपनी पहुँचते थे, तो उनमें सोना गायब मिलता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें राजस्थान के एक गिरोह का नाम सामने आया।

राजस्थान से संचालित हो रहा था गैंग

जांच में पता चला कि यह 5 लोगों का गैंग है जो मूल रूप से राजस्थान के जयपुर और दौसा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर गैंग के तीन सदस्यों दिनेश, सूर्या और भूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इनके दो साथी अशोक और हितेश अभी फरार हैं।

​ठगी का तरीका: डिलीवरी बॉय को ऐसे देते थे झांसा

यह गैंग बहुत ही शातिर तरीके से काम करता था। ​ये गरीब लोगों के नाम पर सिम कार्ड और सस्ते मोबाइल फोन खरीदते थे। ​इसके बाद अमेज़न पर सोने के सिक्कों का ऑर्डर बुक करते थे। जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर आता, तो ये उसे रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर लेते और बातों में उलझाकर पैकेट की सील बड़ी सफाई से खोल देते थे। पैकेट से सोने के सिक्के निकालकर उसे दोबारा इस तरह सील कर देते थे कि पता ही न चले और फिर ‘ऑर्डर रिजेक्ट’ कर वापस भेज देते थे।

भारी बरामदगी और इनाम की घोषणा

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 सोने के बिस्किट, 2 सोने के सिक्के (कुल कीमत करीब 4-5 लाख रुपये) और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह गैंग अब तक प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी ऐसी वारदातें कर चुका है। एसएसपी ने इस शानदार कामयाबी पर पुलिस टीम को ₹15,000 के नकद इनाम की घोषणा की है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News