मुजफ्फरनगर- शुक्रताल में उमड़ा सेवा का जनसैलाब, निरंकारी मिशन ने ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के तहत कि गंगा घाट की सफ़ाई

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा ‘संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन’ के तत्वावधान में रविवार को शुक्रतीर्थ (शुक्रताल) के पावन गंगा तट पर भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था।

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के मार्गदर्शन में यह अभियान भारत के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 930 शहरों में एक साथ आयोजित किया गया। इसमें देश भर के लगभग 12 लाख स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। यह पहल केवल पर्यावरणीय सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सशक्त उदाहरण भी है।

शुक्रताल में प्रवाहित मोक्षदायिनी गंगा की स्वच्छता के लिए मुजफ्फरनगर जिले की विभिन्न शाखाओं से सैकड़ों सेवादार पहुँचे। संयोजक हरीश कुमार के निर्देशन में रामराज, शेरपुर खादर, बलवाखेड़ी और पुरकाजी ब्रांच के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। पुरुष एवं महिला अनुयायियों ने पूरी निष्ठा के साथ गंगा तट के घाटों और आसपास के क्षेत्रों से कचरा साफ कर जल की निर्मलता का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने स्वयंसेवकों के सेवाभाव की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक पुनीत कार्य है और निरंकारी मिशन जिस प्रकार अध्यात्म के साथ-साथ समाज की सेवा कर रहा है, वह अत्यंत प्रेरणास्पद है। इस दौरान श्री गंगा सेवा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News