मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रतिष्ठित स्कूल वैन ने बेसहारा विधवा महिला की ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उनके जीविकोपार्जन का एकमात्र साधन ‘ई-रिक्शा’ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मेघाखेड़ी निवासी सोनिया, जो एक विधवा महिला हैं, ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। सोनिया का आरोप है कि लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर की स्कूल वैन के चालक ने बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उनकी ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सोनिया को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता सोनिया ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय उन पर ‘फैसला’ करने का अनैतिक दबाव बना रहा है। सोनिया का कहना है कि वह एक गरीब महिला हैं और स्कूल प्रबंधन अपनी रसूख का इस्तेमाल कर मामले को रफा-दफा करना चाहता है। पीड़िता ने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी दबाव में नहीं आएंगी और लापरवाही से बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले और सड़क पर कहर बरपाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही चाहती हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल, स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की रफ्तार और चालकों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













