मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड पर मंगलवार देर रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद घर में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की छत के परखच्चे उड़ गए। राहत की बात यह रही कि परिवार के सदस्य बाहर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब एक बजे की है। शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित एक कच्चे मकान में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर बम की तरह फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की छत पर पड़ी सीमेंट की चादरें टुकड़ों में बंटकर काफी दूर तक जा गिरीं। धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस मकान में अमन और उनकी माता उषा रहते हैं। संयोगवश, यह पूरा परिवार घटना के समय उज्जैन (मध्य प्रदेश) घूमने गया हुआ था। घर बंद होने के कारण आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की तपिश से सिलेंडर ने आग पकड़ ली और विस्फोट हो गया। इस हादसे में घर में रखा सारा कीमती सामान, कपड़े और राशन जलकर राख हो गया है।
दमकल विभाग को घटना की सूचना देररात 12 बजकर 43 मिनट प्राप्त होते ही दमकल विभाग की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुँचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया और इसे आसपास के घरों में फैलने से रोका। नगर कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फ़िलहाल शुक्र की बात ये ही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है जबकि घर का सामान नष्ट हो गया है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













