स्कूल के वार्षिकोत्सव में बोले मनीष चौधरी, शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- न्याजुपुरा स्थित एक स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मौजूद अन्य विशिष्ट अतिथियों ने शैक्षिक, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कार, शिक्षा और राष्ट्रवाद का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह दर्शाया कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का विकास भी उतना ही आवश्यक है। मंचीय कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में भाईचारे, आपसी सौहार्द और देशप्रेम की भावना को मजबूती से प्रस्तुत किया।

समारोह के बीच राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने संस्था के कार्यों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक माह सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसके माध्यम से लोगों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में मेल-मिलाप और आपसी एकता को बढ़ावा देते हैं।

मनीष चौधरी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। सभी अतिथियों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें समाज, प्रदेश और देश के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा निरंतर किए जा रहे सामूहिक राष्ट्रगान जैसे आयोजन राष्ट्रवाद की भावना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सहभागिता कर समाज को जोड़ने का संकल्प लिया।

विद्यालय के मैनेजर अब्दुल सलाम ने कहा कि समाज में एकजुटता और बच्चों में भाईचारे व राष्ट्रवाद की भावना विकसित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत सकारात्मक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी, मोहम्मद आरिफ एमएसडब्ल्यूए के अध्यक्ष जफरयाब खान, बीकेयू सर्वधर्म के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरशद अमीर, पवन कुमार, हाजी मोहम्मद फारूक, चौधरी शाहवेज मीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News